देव दीपावली पर मंगलवार को काशी के घाटों पर आस्था का महासागर उमड़ पड़ा। लाखों दीयों से गंगा घाट जगमग हो उठे। पीएम नरेंद्र मोदी ने काशी में देव दीपावली की तस्वीरों को एक्स पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी देव दीपावली की अद्भुत दिव्यता और अलौकिक भव्यता से सराबोर है।
21 लाख दीयों से जगमग हुई काशी
काशी के घाटों, सामने की रेती, कुंडों और अन्य आयोजन स्थलों पर कुल 21 लाख दीये जलाए गए। गंगा के सामने चेत सिंह घाट की रेती पर पहली बार 2100 मेड इन इंडिया ड्रोन से शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों की आकृतियां आसमान में उकेरी गईं। दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं की महाआरती ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। कारगिल युद्ध के बलिदानियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
मठों-मंदिरों में दीपदान, गौरी केदारेश्वर का चांदी से शृंगार
देव दीपावली पर मंदिरों, मठों और आश्रमों में दर्शन पूजन और दीपदान हुआ। विष्णु मंदिरों में विशेष शृंगार हुआ। दक्षिण भारतीय मठों व मंदिरों में भगवान शिव की पूजा हुई। गौरी केदारेश्वर मंदिर में चांदी के ज्योतिर्लिंग का शृंगार हुआ।
अन्नपूर्णा मंदिर में शृंगार कर दीपदान किया गया। श्रीरामतारका आंध्रा आश्रम में पांच घंटे भगवान शिव का अभिषेक हुआ। बिंदु मधाव मंदिर पंचगंगा में भगवान का हाथी पर शृंगार कर मखन, मलाई, शृखंड आदि से आरती हुई।