पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह
- फोटो : अमर उजाला
जिला प्रशासन की ओर से 10 लाख दीप और काशीवासियों के सहयोग से 11 लाख दीपक जलाए जाएंगे। अस्सी घाट से सामनेघाट तक 108 स्थानों पर देव दीपावली महोत्सव होगा। काशी के पंचक्रोशी परिक्रमा पथ के तहत ग्रामीण व शहरी इलाकों में 101 स्थानों पर देव दीपावली महोत्सव का आयोजन पहली बार होगा। अमृत महोत्सव में 75 वर्ष पर रंगोली, चित्र, पोस्टर की सजावट होगी
काशी की देव दीपावली (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
गंगा सेवा निधि की ओर से देव दीपावली महोत्सव अमर वीर योद्धाओं को समर्पित होगा। आध्यात्मिकता और राष्ट्रवाद को समर्पित महोत्सव के साथ ही आकाशदीप का भी समापन होगा। सात नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर अमर वीर योद्धाओं को भगीरथ शौर्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। एक लाख दीपों से घाट और भवनों का कोना-कोना जगमग होगा। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने बताया कि तीन दशक से देव दीपावली का आयोजन हो रहा है।
‘एक संकल्प गंगा किनारे’ से महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को मां गंगा के तट पर संकल्प दिलाया जाएगा। 5.20 बजे महोत्सव का शुभारंभ निधि के संस्थापक पं. सत्येंद्र मिश्र को पुष्पांजलि अर्पित कर होगा। 21 ब्राह्मण, 42 कन्या और पांच डमरू दल के सदस्य मां गंगा की महा आरती उतारेंगे।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश
- फोटो : अमर उजाला
देव दीपावली पर वीवीआईपी दौरे को लेकर शनिवार को ट्रैफिक सभागार में पुलिस आयुक्त ने मातहतों संग बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस दौरान गंगा में जल पुलिस, एनडीआरएफ को अलर्ट किया गया। वहीं, गंगा घाटों पर पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देशित किया। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने कहा कि जल और थल दोनों से गंगा घाटों पर कड़ी निगहबानी होगी।
मातहतों को निर्देशित किया कि ड्रोन कैमरे कहीं से न उड़े। बैरिकेडिंग के बाहर कोई न आए। पर्यटकों संग दुर्व्यवहार न हो। बुजुर्ग, महिलाओं और असहाय की मदद करें। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, डीसीपी काशी आरएस गौतम, डीसीपी वरुणा आरती सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चेतसिंह घाट पर लेजर शो
- फोटो : अमर उजाला
देव दीपावली पर पहली बार चेत सिंह घाट की दीवारों पर थ्री डी प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिये धर्म का व्याख्यान होगा। काशी आने वाले पर्यटक मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण व देव दीपावली का कथा सुन सकेंगे। गंगा की गोद में लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो के माध्यम से भगवान शिव के भजनों की प्रस्तुति भी होगी। 20 मिनट का शो कई बार दिखाया जाएगा, जिससे देव दीपावली पर वाराणसी के घाटों पर आने वाले सभी श्रद्धालु देख सकेंगे।
चेतसिंह घाट पर लेजर शो
- फोटो : अमर उजाला
मॉडर्न स्टेज सर्विसेज के अनुभव गुप्ता के अनुसार, पांच दिन के रिकॉर्ड समय में गंगा अवतरण, देव दीपावली की धार्मिक जानकारी और शिव भजनों के 5-6 ट्रैक शूट कर अंतिम रूप दिया गया है। टेक्नीशियन व इंजीनियर मिलाकर 250 से अधिक लोगों की टीम लगी है। इस शो का प्रोजेक्शन 20 लेजर प्रोजेक्टर के माध्यम से होगा। इसमें संगीत की ध्वनि के साथ लेजर और लाइट्स का एक अनूठा तालमेल देखने को मिलेगा।