पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम को अफसरों से बोले सुधार लें कार्य संस्कृति
- फोटो : अमर उजाला
दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को उस वक्त नाराज हो गए जब उन्होंने गड्ढा मुक्त की जगह पर गड्ढा युक्त सड़क पर हिचकोले खाए। उनकी गाड़ी गड्ढे में क्या पड़ी अधिकारियों की शामत आ गई।
चौकाघाट फ्लाईओवर के पास सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी सीएम की गाड़ी गड्ढे पर पड़ गई। इसके बाद वे पीडब्ल्यूडी और सेतु निगम के अधिकारियों पर बरस पड़े। कहा कि पता है कि मैं आने वाला हूं इसके बाद भी सड़क की यह हालत है। कार्य संस्कृति सुधार कर लें अन्यथा बोरिया बिस्तर बांध लें।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने गुणवत्ता जांचने के लिए न्यूक्लियर गेज मंगवाया। अधिकारियों ने बताया कि पानी लगने के चलते सड़क खराब हो गई है। इसे दुरुस्त करने की हिदायत दी। डिप्टी सीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की गुणवत्ता भी न्यूक्लियर गेज से नापी जाएगी।
कोताही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण करने से पूर्व डिप्टी सीएम सिगरा स्थित संघ कार्यालय पहुंचे। यहां पदाधिकारियों से आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की।
इसके बाद महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के घर नाश्ता करने पहुंचे थे। यहां का दौरा निबटाने के बाद डिप्टी सीएम पुलिस लाइन हेलीकाप्टर से डिप्टी सीएम लखनऊ रवाना हो गए।