जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कुछ राजनीतिक दलों के साथ सदर तहसील कार्यालय में बने वेयरहाउस का निरीक्षण किया। यहां ईवीएम और वीवीपीएटी मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने चारों तरफ लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संख्या और उनकी स्थिति, कंट्रोल रूम, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों व रोशनदानों को सुरक्षित रखने के सभी उपायों सहित अन्य बिंदुओं का निरीक्षण किया। वेयरहाउस के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वाह्य सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा के मद्देनजर निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा गार्ड्स की शिफ्टवार तैनाती सहित वेयरहाउस की अन्य सुरक्षा व्यवस्था का भी अवलोकन कर आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।