प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत नेशनल प्रोजेक्ट ऑन सॉइल हेल्थ एंड फर्टिलिटी के तहत क्षेत्रीय भूमि परीक्षण प्रयोगशाला में शुक्रवार को मंडल स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी मंडल शैलेंद्र कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम सहायक निदेशक (मृदा परीक्षण) राजेश कुमार राय के निर्देशन में हुआ। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड व जैविक खाद की जानकारी दी। सहायक निदेशक (मृदा परीक्षण/कल्चर) ने मृदा नमूना संकलन, परीक्षण व सॉइल हेल्थ कार्ड पोर्टल से 12 पोषक तत्वों की उपलब्धता एवं उर्वरकों की मात्रा उपयोग करने की जानकारी दी। आईआरआरआई के डॉ. देवनारायण यादव, डॉ. पीयूष मौर्य, कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर के डॉ. अमितेश सिंह व डॉ. मनीष पांडेय, उप कृषि निदेशक (शोध) वाराणसी और वरिष्ठ उर्वरक एवं कीटनाशी विश्लेषक ने मृदा उर्वरता, जैविक खेती व संतुलित उर्वरक उपयोग पर प्रशिक्षण दिया। भूमि परीक्षण प्रयोगशाला जौनपुर के डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने एसएचसी मोबाइल एप की जानकारी दी, जबकि उदय राज सिंह ने योजना का विवरण प्रस्तुत किया। लगभग 300 कृषि सखियों व कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। संचालन रामा सिंह ने किया।