चोलापुर थाना क्षेत्र के औरा में देसी शराब की दुकान पर रुपये के लेनदेन में विवाद में युवक की पिटाई की गई। पीड़ित रोहित राजभर निवासी कुरौली, शिवरामपुर ने सेल्समैन पर मारपीट, मोबाइल तोड़ने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया और प्राथमिकी दर्ज कराई। रोहित के अनुसार, आठ नवंबर की शाम 7:30 बजे वह शराब की दुकान पर पहुंचा था। सेल्समैन रविंद्र जायसवाल को 90 रुपये दिए। आरोप है कि सेल्समैन ने 150 रुपये की मांग की। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पीड़ित का आरोप है कि बीचबचाव करने पहुंचे गजानंद और अनिल राजभर को भी चोटें आईं। वहीं, दुकान के मैनेजर को भी हल्की चोट लगी। मारपीट के दौरान उसका मोबाइल भी तोड़ दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर सेल्समैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।