वाराणसी। ऑल इंडिया रिटेल मोबाइल एसोसिएशन की वर्चुअल बैठक बुधवार को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के साथ हुई। इसमें मोबाइल व्यापारियों ने ऑनलाइन कंपनियों पर लगाम लगाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि कोरोना काल में खुदरा बाजार पूरी तरह से प्रभावित है। वहीं, दूसरी तरफ ऑनलाइन कंपनियों द्वारा लॉकडाउन में गैर जरूरी वस्तुओं की होम डिलिवरी धड़ल्ले से की जा रही है। इससे संक्रमण का खतरा घर-घर फैलने की आशंका है। मांग है कि लॉकडाउन के समय में सभी गैर जरूरी सामानों की डिलिवरी रोकी जाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज जौहर ने कहा कि जब प्रदेश का व्यापारी दुकानें बंद कर किराया, बिजली बिल, तनख्वाह व सभी तरह के टैक्स दे रहा है तो विदेशी कंपनिया खुदरा इंडिया रिटेल मोबाइल बाजार को खत्म कर देंगी। फिर लॉकडाउन के बाद बाजार खुलने पर मांग नहीं रह जाएगी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विभूति प्रसाद ने डिप्टी सीएम से मांग कि गैर आवश्यक वस्तुओं की डिलिवरी पर रोक लगे। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने मोबाइल व्यापारियों को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री के समक्ष इस विषय को रखेंगे। बैठक में अंजनी कुमार मिश्रा, भावेश सोलंकी, विकास अग्रवाल, विपिन सिंह, आनंद बेरी शामिल रहे।