शहर के कज्जाकपुरा कोनिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित वातानुकूलित प्रसव कक्ष का शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बृहस्पतिवार को लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र अब जच्चा-बच्चा केंद्र के रूप में भी कार्य करेगा।
पीएचसी पर उद्घाटन समाराह में डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान हुई जनहानि और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए ही कोनिया क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का संकल्प लिया गया था। चार महीने के भीतर स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य पूरा कराकर इसे जनता के लिए समर्पित किया गया। इसके बाद महिलाओं की जरूरत को देखते हुए कोनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को जच्चा-बच्चा केंद्र के रूप में विकसित किया गया। इस दौरान जितेंद्रनाथ पांडेय, मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, नलिन नयन मिश्र, विजय सोनकर, रोहित जायसवाल, मनोज यादव, लकी भारद्वाज, कनकलता मिश्रा आदि मौजूद रहीं।