आईआईटी बीएचयू की पार्टनरशिप में नई दिल्ली में मेट्रो स्टेशन के सुरंग डिजाइन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन टनलिंग एंड टनल ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना हो गई है। संस्थान ने तीन साल पहले ये समझौता किया था।
दिल्ली के शास्त्री पार्क के दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) एकेडमी में भवन का उद्घाटन किया गया।
अब आईआईटी-बीएचयू यहां पर तकनीकी तौर पर अंडरग्राउंड स्पेस और सुरंग डिजाइन के मामले में ट्रेनिंग देगा। स्टेट ऑफ आर्ट फैसिलिटी के तहत इस सेंटर में रिसर्च को जमीन पर उतारने का काम होगा। देश भर में एक लाख करोड़ रुपये से करीब 1000 किलोमीटर लंबा मेट्रो सुरंग बनाया जाना है।
इसके तहत आईआईटी बीएचयू स्थित सिविल इंजीनियरिंग विभाग और अन्य कई यूनिट के प्रोफेसर और वैज्ञानिक दिल्ली मेट्रो के लिए सुरंग की स्पेस तकनीक पर रिसर्च करेंगे। तीन साल पहले डीएमआरसी ने आईआईटी-बीएचयू के साथ इस तकनीक के लिए समझौता किया था।
2022 में हुआ था समझौता
31 जलाई 2022 को आईआईटी बीएचयू और डीएमआरसी के बीच सुरंग निर्माण और भूमिगत इंजीनियरिंग में समझौता किया गया था। इसमें युवाओं को कनेक्ट करने के लिए रिसर्च शुरू करने पर सहमति बनी थी। साथ ही कई स्तर पर भर्तियां और इससे संबंधित कई कोर्स भी चलाने की बात की गई थी।
कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी, सेफ्टी प्रोटोकॉल पर भी रिसर्च
डीएमआरसी आईआईटी बीएचयू से एकेडमिक एक्सीलेंस, सुरंग डिजाइन, निर्माण के लिए भविष्य की प्लानिंग, कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी, सेफ्टी प्रोटोकॉल और शहरी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की बढ़ती मांगों को पूरा करने के लिए वर्क फोर्स ट्रेनिंग कराने के काम में मदद लेगा।
इस केंद्र में कई अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इनमें स्मार्ट क्लासरूम और एआर, वीआर के रियल और वर्चुअल लैब, ट्रेनिंग के लिए 25 मीटर का ट्रू-स्केल सुरंग मॉडल की व्यवस्था है।