- छात्रों का जोरदार धरना, वीसी ने मांगी 24 घंटे की मोहलत
- छात्र और कुलपति के बीच चली 30 मिनट की वार्ता
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 32 कोर्स के रिजल्ट में देरी के चलते रविवार को छात्रों ने धरना प्रदर्शन किया। कुलपति कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि अभी तक 32 कोर्स के रिजल्ट जारी नहीं हुए और विश्वविद्यालय प्रशासन मेडलिस्ट की फाइनल सूची जारी करने जा रहा है। बिना रिजल्ट के कौन सा दीक्षांत समारोह होने जा रहा है। ये छात्रों के साथ अन्याय है। छात्रों के विरोध को देखते हुए कुलपति ने उन्हें अपने कार्यालय में बुलाया। करीब 30 मिनट की बातचीत के बाद छात्रों ने धरना खत्म कर दिया। छात्रों ने कहा कि कुलपति ने 24 घंटे की मोहलत मांगी है।
ऊपर से दबाव है, इसलिए कर रहे दीक्षांत
छात्रनेता आशुतोष तिवारी के मुताबिक, कुलपति ने छात्रों से कहा कि अभी तक विश्वविद्यालय के 32 कोर्स के रिजल्ट नहीं घोषित हुए हैं। इससे करीब एक लाख छात्र और छात्राएं परेशान हैं। लेकिन, ऊपर से आदेश है कि दीक्षांत कराया जाए। इसलिए इस महीने जिन छात्र-छात्राओं के रिजल्ट आ गए हैं, उन्हें डिग्रियां दे दी जाएंगी। बाकियों का रिजल्ट जब आएगा तो दोबारा कार्यक्रम कराकर डिग्री बांट दी जाएगी। छात्रों ने बताया कि कुलपति ने 24 घंटे की मोहलत मांगी है। उसके बाद यदि लिखित फैसला नहीं आया तो बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन होगा।
छात्रों की तीन बड़ी समस्याएं
- जिन कोर्स के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं, उसमें बड़ी संख्या में छात्रों को विश्वविद्यालय की गलती से अनुपस्थित कर दिया गया हैं।
- यदि रिजल्ट अब घोषित हो जाते हैं, तो भी उसमें आपत्ति के लिए दो दिन का समय चाहिए। लेकिन दो दिन के बाद दीक्षांत समारोह होगा तो फिर ये काम असंभव होगा।
- हाल ही में कई कोर्स के परीक्षा परिणाम घोषित हुए, जिसमें हजारों बच्चो को फेल कर दिया गया हैं। कई लोगों को अनुपस्थित किया गया। ऐसा भी संभव हैं कि इसमें से कई छात्र टॉप-10 में अपना स्थान न बना पाए।