कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित करते डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा को व्यवसाय का रूप देने वाले लोग सावधान हो जाएं। अब उनकी दूकान नहीं चलेगी। पठन- पाठन को नई दिशा देने के लिए काशी विद्यापीठ और पूविवि में दीनदयाल शोध पीठ की स्थापना की जाएगी। कक्षाएं न चले तो छात्र इसकी शिकायत मुझसे भी कर सकते हैं।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय सभागार में शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि वाराणसी और जौनपुर के विश्वविद्यालयों में जो भी निर्माण कार्य हुए हैं और वे अधूरे हैं इसकी जांच कराने का निर्देश कमिश्नर वाराणसी को दिया गया है।
कहा कि परमवीर चक्र विजेता सभी शहीदों की तस्वीरें सभी विश्वविद्यालयों में लगाने के लिए कुलपतियों को निर्देश दे दिए गए हैं। अब कॉलेजों को स्वकेंद्र नहीं बनाया जाएगा। जिन विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
जीएसटी को लेकर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में सेमिनार आयोजित किए जा रहे है। पूर्वांचल और बुंदेलखंड में विकास, सुरक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा। कहा कि 15 जून से सितंबर तक खनन नहीं किया जाना है। इसमें ऑनलाइन टेंडर की व्यवस्था कराई जा रही है। 1
6 अगस्त से जिन किसानों के खाते आधार से लिंक हो गए होंगे उन्हें ऋण छूट वाला हिस्सा उनके खाते में पहुंच जाएगा। राजकीय शिक्षकों के लिए ऑनलाइन स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होंगी। प्रदेश में तीन नई चीनी मिलें स्थापित की जा रही हैं और 30 हजार करोड़ गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा चुका है।
उधर, गुरुवार को पूविवि में आयोजित वस्तु एवं सेवाकर, आयाम एवं अवसर विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए सरकार ने जीएसटी लागू किया है। समान कर प्रणाली लागू होने का कोई प्रभाव छोटे और मझोले व्यापारियों पर नहीं पड़ेगा। जीडीपी बढ़ी तो सामानों की कीमतों घटने लगेंगी।