बनारस के भेलूपुर थाना अंतर्गत बजरडीहा स्थित कब्रिस्तान में पांच माह पूर्व दफनाया गया सबीना बानो (25) का शव सोमवार को कब्र खोद कर बाहर निकाला गया। पिता मोहम्मद गुलजार अंसारी ने बेटी के ससुरालियों पर उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की थी।
डीएम के निर्देश पर एसीएम प्रथम की मौजूदगी में भेलूपुर पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बजरडीहा क्षेत्र के धरहरा मुहल्ला निवासी बुनकर मोहम्मद गुलजार अंसारी की बेटी सबीना बानो की शादी मुर्गिया टोला निवासी अजगर के बेटे सेराजुद्दीन से तीन वर्ष पहले हुई थी।
सबीना दो बच्चों की मां थी। मोहम्मद गुलजार ने बताया कि पांच महीने पहले वह बाहर गए थे, तभी सबीना के ससुरालियों ने उन्हें उसके फांसी लगाने की सूचना दी। उनके आने का इंतजार तक नहीं किया। बिना पोस्टमार्टम कराए ही सबीना का शव लाचीबाबा स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया।
मोहम्मद गुलजार का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या दहेज की मांग न पूरी होने के कारण की गई। इस बारे में इंस्पेक्टर भेलूपुर ने बताया कि शव को कब्र से निकलवाकर बीएचयू मोर्चरी में रखवाया गया है। मंगलवार को वीडियो कैमरे के सामने डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा।