वाराणसी में सामने घाट से रमना जाने वाले मार्ग पर ज्ञानप्रवाह पुल के नीचे रविवार की दोपहर बोरे में एक युवती का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की तैयारियों में जुटे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सूचना के आधार पर पहुंची लंका थाने की पुलिस शव की शिनाख्त नहीं कर सकी। पुलिस के अनुसार शव चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवती का हत्या कहीं और करने के बाद शव बोरे में भर कर यहां फेंका गया है। युवती की हत्या कैसे की गई यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।
इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल के आसपास के मकानों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक लंका ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि युवती का गला घोंट कर या जहर देकर मारने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया है। युवती की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। तफ्तीश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।