गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के जखांव गांव में रविवार की सुबह से गायब छह साल के बच्चे लवकुश (6) का शव शाम को तालाब में मिलने से खलबली फैल गई। परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस को शव देने से इंकार कर दिया। सूचना मिलने पर एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह मयफोर्स पहुंचे। घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक बच्चे का शव पुलिस को नहीं सौंपा गया।
जखांव गांव निवासी साजन सरोज का छह वर्षीय बेटा लवकुश रविवार को सुबह खेलते समय अचानक गायब हो गया। परिवार वाले पूरे दिन उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। शाम को सात बजे घर के पास ही स्थित एक तालाब में बालक का शव तालाब में उतराया मिला, जिसको देख परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चे के चेहरे पर चोट के निशान मिले और कान से खून बह रहा था, जिसको देख परिजन परेशान हो गए।
स्थानीय पुलिस शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिवार वाले एक आरोपी पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। सीओ ज्ञानपुर प्रभात राय समेत कोतवाल गोपीगंज, ज्ञानपुर और भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंचकर बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपी की गिरफ्तारी और मुकदमा लिखने के बाद ही शव ले जाने की जिद पर अड़े रहे।
परिजनों ने आरोप लगाया गांव के ही एक व्यक्ति ने कई बार मेरे बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। खबर लिखे जाने तक पुलिस और परिजनों में नोकझोंक होती रही। एएसपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी।