19- मड़ियाहूं क्षेत्र के सेऊर मोतियापुर गांव में मृत मासूम बच्ची आर्या की फाईल फोटो।
- फोटो : JAUNPUR
- मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सेऊर गांव की घटना
- शुक्रवार की शाम घर से लापता हुई थी बच्ची
- परिजनों ने झाड़-फूंक में जताया हत्या का शक, तीन आरोपियों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के सेऊर गांव में घर से लापता छह वर्षीया मासूम की शनिवार को खेत में लाश मिली है। गला रेतकर हत्या के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया था। एसपी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। डॉग स्क्वाड ने भी छानबीन की। परिजनों ने झाड़-फूंक के चक्कर में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मोतियापुर सेऊर गांव निवासी योगेश मौर्य की बेटी आर्या (6) शुक्रवार की शाम घर के बाहर खेल रही थी। शाम ू4 बजे अचानक वह लापता हो गई। घर वालों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। देर रात मड़ियाहूं कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी। परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे थे, इसी बीच शनिवार की सुबह घर से 300 मीटर दूर रामकुमार पटेल के अरहर के खेत में आर्या का लहूलुहान शव देखा गया। गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी। शव के पास ही उसके चप्पल भी पड़े थे। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वाड ने भी पहुंचकर छानबीन की। दोपहर में एसपी अशोक कुमार, एएसपी ग्रामीण संजय राय, सीओ अवधेश शुक्ला भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शाम को मृतका के पिता योगेश मौर्य ने गांव के तीन लोगों पर झाड़-फूंक के चक्कर में बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव के इंद्रबहादुर, धनराज मौर्य और राजेश मौर्य पर केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।