काशी जिसे लोग परंपराओं और मंदिरों की नगरी के नाम से जानते हैं। जहां पर अनेक धर्मों के लोग एक साथ रहते हैं। उस पावन नगरी बनारस स्थित सारनाथ में 29 दिसम्बर को बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा आने वाले हैं। उनके स्वागत के लिए तिब्बतियन संस्थान को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है।
रंग रोगन से लेकर परमपावन के रूकने के लिए गेस्ट हाउस में सभी चीजें नई लगाने की कवायद चल रही है। 29 दिसम्बर से 2 जनवरी तक पांच दिवसीय दौरे पर तिब्बती धर्मगुरु सारनाथ स्थित केंद्रीय तिब्बती संस्थान के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
परमपावन के दर्शन के लिए 2000 से भी ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद की जा रही है। कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी कर रहे संस्थान के पीआरओ डॉ.उमेश चंद्र सिंह ने बताया कि दलाई लामा के स्वागत की तैयारियां चल रही हैं।