पुलिस ने एसएसपी नितिन तिवारी की अगुवाई में रविवार से ‘नो हेलमेट नो पेट्रोल’ अभियान शुरू किया। इसकी शुरुआत मकबूल आलम रोड स्थित पेट्रोल पंप से की गई। सभी पेट्रोल पंप चालकों से कहा गया कि वे बिना हेलमेट वालों को कतई तेल न दें। साथ ही चालकों को हेलमेट लगाने के लिए जागरूक भी करें। सभ पंप मालिक अपने पेट्रोल पंप पर ‘नो हेलमेट नो पेट्रोल’ का स्लोगन भी लिखें।
अभियान के पहले दिन ही इसका असर भी देखने को मिला। जिले भर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन लेने आए बिना हेलमेट वाले बाइक चालक लौटा दिए गए। ऐसे बाइक चालकों की मिन्नतें काम नहीं आई। कई पेट्रोल पंपों पर किचकिच हुई। अभियान सुचारु रूप से चल सके, इसके लिए पेट्रोल पंपों पर सिपाहियों की तैनाती की गई थी। बता दें कि तीन साल से ‘अमर उजाला’ भी खबरों के माध्यम से हेलमेट के प्रति जागरूक करता रहा है।
अभियान को लेकर पुलिस महकमे की ओर से लोगों को पहले ही इत्तला कर दी गई थी कि रविवार से बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इसका असर रहा कि रविवार को अधिकांश बाइक चालक हेलमेट में नजर आए। हालांकि तमाम बिना हेलमेट के भी थे। ऐसे चालक या तो बिना पेट्रोल लिए लौट गए या फिर किसी तरह जुगाड़ करके पंपों पर पहुंचे और पेट्रोल लिया।