फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जियो और नोटबंदी के बाद सड़कों पर पहली बार दिखा वैसा ही नजारा

Sat, 01 Apr 2017 01:59 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
बीएस-3 के सभी वाहन सड़क पर, शोरूम खाली - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जियो सिम, नोटबंदी के बाद यह तीसरा मौका, जब बड़ी संख्या में लोग कहीं कतारों में नजर आए तो कहीं मजमा लगाए। दो पहिया, चार पहिया वाहनों पर भारी छूट के बीच अपने-अपने सपनों में रंग भरने की हर किसी ने जीतोड़ कोशिशें कीं। सुबह शटर खुलने से पहले ही लोग वाहन शोरूमों पर जमा हो गए।
विज्ञापन


फिर शोरूमों के खुलने के बाद तो नजारा ऐसा था, मानो नवरात्र, धनतेरस और दीवाली सब एक साथ मन रही हो। पहले तो लोगों ने अपनी-अपनी पसंद तलाशी, बाद में जो कुछ भी मिला, लेते गए। डिस्काउंट आफर में वे गाड़ियां भी धड़ाधड़ बिक गईं, जिन्हें ग्राहक नहीं मिल रहे थे। दोपहर 12 बजते-बजते बीएस-3 वाहनों का स्टॉक खत्म हो गया और अधिकतर डीलर, सब डीलर ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए।

कई स्थानों पर स्थिति संभालने के लिए पुलिस लगानी पड़ी। 
ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े लोगों के अनुमान के अनुसार शुक्रवार को जिले में दो पहिया और चार पहिया के कामर्शियल और निजी प्रयोग मिलाकर  एक हजार से अधिक वाहनों की बिक्री हुई। कुछ घंटों में ही लगभग 10 करोड़ का कारोबार हुआ। 
विज्ञापन


बीएस3 वाले वाहनों पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद ऑटोमोबाइल कंपनियों की ओर से बंपर छूट के ऑफर ने त्योहारी सीजन के बाजार को भी पीछे छोड़ दिया। गुरुवार से शुरू हुई बीएस3 वाहनों की खरीदारी की होड़ ने शुक्रवार को और रफ्तार पकड़ी।

बंपर छूट पर मनपसंद वाहन की खरीदारी के लिए सुबह नौ बजे से पहले ही दो पहिया और चार पहिया वाहनों के शोरूमों पर कतार लगने लगी। शोरूमों के खुलने के बाद भीड़ पर काबू पाना वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों के लिए मुश्किल हो गया। फिर कई शोरूमों में पुलिस को स्थिति संभालनी पड़ी। 

 स्कूटी रेंज में आने वाले सभी तरह के मॉडल पलक झपकते बिक गए। फिर बाइक का स्टॉक भी घंटे भर में खत्म हो गया। ग्राहकों की कतार उसके बाद भी नहीं थमी। शोरूमों के बाहर मेले सा नजारा था। छूट के फेर में लोग शोरूमों से कम बिक्री वाली श्रेणी में शामिल बाइकें भी ले गए।

दोपहर 12 बजे तक गोदाम से इनका भी स्टॉक खत्म हो गया। फिर शोरूम संचालकों पर छूट वाले वाहन उपलब्ध कराने के लिए दबाव बनाने की खातिर लोग अपने संबंधों का इस्तेमाल करने में भी पीछे नहीं रहे।

स्थिति यह हो गई कि दोपहर में ही डीलर और सब डीलरों ने शोरूमों के शटर गिरा दिए। केवल वर्कशॉप खुली रही। बावजूद इसके लोग शाम तक शोरूमों के चक्कर काटते रहे। 

मौके का फायदा, एजेंटों की चांदी

शोरूम संचालकों के फोन नॉट रीचेबल - फोटो : अमर उजाला
वाहनों पर छूट का लाभ जितना ग्राहकों को मिला, उतना ही शोरूम के एजेंटों ने भी चांदी काटी। बीएस-3 वाहनों का स्टाक खत्म होने के बाद शोरूम पर जुटे ग्राहकों को मोटीवेट कर एजेंटों ने बीएस-4 के वाहनों पर एक से तीन हजार रुपये तक डिस्काउंटर आफर देकर लुभाया।

चार पहिया वाहनों के शोरूम में भी छूट पर बीएस-3 लेने गए तमाम लोग बीएस-4 वाहन लेकर लौटे। 

छूट वाले वाहनों के लिए शोरूम संचालकों के फोन-मोबाइल सुबह से ही घनघनाने शुरू हो गए। जबरदस्त दबाव के चलते अधिकतर शोरूम संचालकों ने अपने मोबाइल फोन या तो स्वीच्ड ऑफ कर दिए या नॉट रीचेबल।

हालांकि भारी डिस्काउंट वाले वाहन पाने के लिए लोगों ने हर जुगत लगाए लेकिन स्टॉक सेल हो जाने की वजह से अधिकतर को मायूस लौटना पड़ा। 
 
विज्ञापन

छूट की बहार में खोटे सिक्के भी चले

शोरूम पर उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
भारी छूट के बहाने ऑटोमोबाइल कंपनियों के खोटे सिक्के भी चले। ऐसी बाइकें जिनकी मांग या तो काफी घट गई थी या जिनका स्टॉक लंबे समय से बना हुआ था। ग्राहक नही मिल रहे थे, छूट में वह सब भी बिक गए। शोरूम पर उमड़ी भीड़ के बीच लोगाें ने सेल्फी भी ली। फेसबुक और व्हाट्सऐप पर इसको लेकर खूब पोस्ट और शेयर हुए। लोगों ने वीडियो क्लिप भी बनाई। 

प्रमुख मार्गों पर घंटों लगा जाम 
शोरूम पर उमड़ी भीड़ की वजह से सुबह से ही शहर के कई मार्ग जाम की चपेट में आ गए। मंडुवाडीह-लहरतारा, मंडुवाडीह-ककरमत्ता, सिगरा-रथयात्रा, सिगरा-मलदहिया, डीएलडब्यू-बीएचयू मार्ग, पहड़िया चौराहा, पहड़िया-आशापुर मार्ग पर लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ा। 

बाइक और कार पर छूट
स्कूटी- ऐक्टिवा, जुपिटर, मैस्ट्रो आदि-10 से 15 हजार
बाइक- स्टार स्पोर्ट्स, स्टार सिटी, एक्सएल 100, स्प्लेंडर, पल्सर, नवी, ग्लैमर आदि-10 से 20 हजार
कार-इंडिगो, इंडिका आदि-एक से डेढ़ लाख
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें