परिजनों ने पुलिस को दी सूचना, कैंट-काशी रेलवे मार्ग के बीच सरैया ट्रैक पर मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। सेना की ट्रेन से बंगाल जाते समय सीआरपीएफ जवान की एके-47 सोमवार को काशी-कैंट रेलवे मार्ग के सरैया रेलवे ट्रैक पर गिर गई। जैतपुरा पुलिस ने एक लड़के के पास से हथियार को बरामद किया। एके-47 राइफल की मैगजीन गोलियों से भरी थी। काशी जोन के डीसीपी, एडीसीपी व एसीपी चेतगंज ने घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली है। वहीं, सेना को भी सूचना दी है। जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया रेलवे ट्रैक पर अपराह्न एक लड़के को एके-47 हथियार मिला। लड़का अपने मोहल्ले में लेकर गया तो परिजन डर गए। तुरंत थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सिंह ने लड़के से पूछताछ की तो बताया कि सरैया रेलवे ट्रैक पर गिरा हुआ था। जांच में सामने आया कि यह एके-47 सीआरपीएफ जवान की है, जो कि सेना की ट्रेन से पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव के लिए ड्यूटी पर जा रहा था। जैतपुरा पुलिस ने आरपीएफ से संपर्क किया। पुलिस ने सीआरपीएफ टुकड़ी के कमांडर से संपर्क साधा तो मालूम चला कि सेना की ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकी है। मामले की गंभीरता देखते हुए मौके पर डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी चेतगंज ईशान सोनी भी पहुंचे और पूरी घटना के बाबत जानकारी ली। जांच के बाद एके-47 को पुलिस ने अपने कब्जे में रखा। एसीपी चेतगंज डाॅ. ईशान सोनी ने बताया कि उच्चाधिकारियों की ओर से पत्राचार किया जा रहा है।