वाराणसी। लॉकडाउन घोषित होने के साथ ही 95 बटालियन सीआरपीएफ के जवानों के द्वारा रोजाना जिले के अलग-अलग इलाकों में कोरोना रोधी सॉल्यूशन का छिड़काव, जरूरतमंदों को राशन वितरण और थर्मल स्क्रीनिंग जारी है। इसी क्रम में शनिवार को सारनाथ क्षेत्र के नवापुरा से एक युवक ने 95 सीआरपीएफ के कमांडेंट को मैसेज कर मदद मांगी तो वह 40 पैकेट राशन और 200 पीस मास्क लेकर खुद मौके पर पहुंच गए।
95 सीआरपीएफ के कमांडेंट नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सारनाथ के नवापुरा से एक युवक ने उन्हें मैसेज किया था। युवक के अनुसार इन दिनों कामकाज न मिलने से पेट भरना मुश्किल हो गया है। युवक के मैसेज के आधार पर वह जवानों के साथ उसके मोहल्ले में जाकर राशन और मास्क वितरित कराए। इसके साथ ही मोहल्ले में कोरोना रोधी सॉल्यूशन का छिड़काव कर सबकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। इसके अलावा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र, कज्जाकपुरा, बैंक कॉलोनी, सिगरा, त्रिदेव नगर, सरायनंदन और खोजवा व आसपास के इलाके में कोरोना रोधी सॉल्यूशन का छिड़काव सीआरपीएफ के जवानों ने किया। उधर, 95 बटालियन सीआरपीएफ की महिला संगठन कावा की अध्यक्ष रंजिता सिंह और उनकी टीम ने शहर के सक्षम, सामर्थ्यवान और सामाजिक संस्थाओं से राशन जुटाने का काम जारी रखा।