Varanasi News: ज्येष्ठ मास के पांचवें बड़े मंगलवार को हनुमान मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान संकटमोचन मंदिर में अखंड सुंदरकांड का पाठ किया गया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
ज्येष्ठ मास के पांचवें बड़े मंगलवार को काशी के हनुमान मंदिरों में आस्था की भीड़ उमड़ी। शिव की नगरी में भोर से ही रामभक्त हनुमान के जयकारे गूंजते रहे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तकरीबन 1100 से अधिक छोटे-बड़े मंदिरों में सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का जाप होता रहा। कई मंदिरों में भंडारे भी हुए।
विज्ञापन
मंगलवार सुबह 5:30 बजे से ही विभिन्न धार्मिक स्थलों पर अनुष्ठान प्रारंभ हो गए। संकटमोचन मंदिर में अखंड सुंदरकांड का पाठ किया गया। मैदागिन स्थित मंशापूर्ण हनुमान जी कंपनी बाग, नीचीबाग स्थित हनुमान मंदिर, नमो घाट के हठीले हनुमान मंदिर, संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी के संकटहरण हनुमान और मच्छोदरी पार्क स्थित हनुमान मंदिर समेत अन्य जगहों पर भक्तों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद विधि-विधान से बजरंगबली को भोग लगाकर विशाल भंडारे की शुरुआत की गई।
गर्मी और तपिश को देखते हुए इस बार भंडारों में विशेष इंतजाम किए गए थे। चौक क्षेत्र में बाबा गणिनाथ भक्त मंडल की ओर से राहगीरों और हनुमान भक्तों को पारंपरिक आम का पन्ना और फालसे का ठंडा शरबत वितरित किया गया। इसके अलावा अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर हनुमान जी को मालपुआ, इमरती, घुघनी-हलवा, पूड़ी-सब्जी और फ्रूटी का भोग लगाया गया।
भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
पांचवें बड़े मंगलवार के उपलक्ष्य में शहर के कोने-कोने में भंडारे आयोजित हुए। इनमें मुख्य रूप से संकट मोचन मंदिर, कमच्छा हनुमान मंदिर, दयाल बिल्डर रथयात्रा, भदैनी हनुमान मंदिर, बनकटी हनुमान मंदिर, कचहरी स्थित विजय कारण हनुमान मंदिर, सुसुवाही हनुमान मंदिर, नीचीबाग के संकटहरण हनुमान मंदिर, अर्दली बाजार के महावीर मंदिर, बुलानाला के राम जानकी हनुमान मंदिर, हनुमान घाट, चितईपुर, मध्यमेश्वर के चिंताहरण हनुमान मंदिर, मलदहिया और कबीरचौरा सहित 1100 से अधिक छोटे-बड़े स्थानों पर पूरे सेवा भाव से प्रसाद बांटा गया।
एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
श्री हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि बड़े मंगलवार को पूरे दिन के भीतर एक लाख से अधिक हनुमान भक्तों और राहगीरों ने पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे को सफल बनाने और व्यवस्था संभालने में श्री हनुमान सेना के अध्यक्ष सुधीर सिंह, विजय कपूर, मुकेश जायसवाल, रंजीत गुप्ता समेत कई लोग शामिल रहे।