गैंगस्टर के मामले में पूर्व सांसद से जिरह पूरी, अगली सुनवाई 12 नवंबर को संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। कैंट थाने के गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में बुधवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह कोर्ट में पेश हुए। अपर जिला जज (त्रयोदश) की अदालत में नदेसर गोलीकांड के वादी व बतौर गवाह पूर्व सांसद धनंजय सिंह से आरोपियों के अधिवक्ता ने जिरह की। पूर्व सांसद से जिरह की कार्यवाही पूरी होने पर अदालत ने सुनवाई की अगली तिथि 12 नवंबर नियत कर दी।
4 अक्तूबर 2002 को जौनपुर के तत्कालीन विधायक धनंजय सिंह अपने कुछ साथियों के साथ चारपहिया वाहन से जा रहे थे। वह नदेसर क्षेत्र स्थित टकसाल सिनेमा हाल के समीप पहुंचे थे। आरोप है कि तभी चारपहिया वाहन से मौजूदा विधायक अभय सिंह अपने चार-पांच साथियों के साथ उतरे। धनंजय सिंह को जान से मारने के लिए अपने साथियों को ललकारते हुए अभय सिंह ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में तत्कालीन विधायक धनंजय सिंह, उनका गनर व ड्राइवर समेत अन्य लोग घायल हो गए। इस मामले में धनंजय सिंह ने विधायक अभय सिंह, एमएलसी विनीत सिंह, संदीप सिंह, संजय रघुवंशी, विनोद सिंह और सतेंद्र सिंह बबलू समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस घटना के बाद पुलिस ने संदीप सिंह, संजय रघुवंशी, विनोद सिंह और सतेंद्र सिंह बबलू के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया था। इसी मामले की सुनवाई अदालत में चल रही है।