सुखपुरा थाना क्षेत्र के ब्रह्माइन गांव में शनिवार की रात बेचू यादव (40) की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्डम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक देवेंद्रनाथ, अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह, सुखपुरा थानाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। एसपी ने टीम गठित कर घटना का शीघ्र पर्दाफाश करने का मातहतों को आदेश दिया। मामले में पुलिस मृतक के चचेरे भाई रविशंकर यादव की तहरीर पर अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी मायके गई हुई थी। घर पर मृतक के दो बच्चे मौजूद थे। घटना कैसे घटित हुई, किसने की। इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।