यूपी के गाजीपुर में शनिवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसके शव को सड़क पर फेंक दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ मुहम्मदाबाद प्रियांक जैन ने बताया कि करीमुद्दीनपुर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
गोसलपुर गांव के ग्रामीण सुबह गांव से बंधा तक जाने वाली सड़क पर टहलने निकले थे। इसी दौरान सड़क पर 25 वर्षीय युवक का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक डायरी, पॉकेट से एटीएम, बिना सिम और चिप की मोबाइल और ताजपुर से बलिया तक का अनारक्षित रेल टिकट बरामद किया है। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। मृतक के दाहिने कान से चार इंच ऊपर सिर में गोली लगने के निशान हैं।
पुलिस ने खून, फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य जांच के लिए विधि विज्ञान केंद्र लखनऊ भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि दस दिन के भीतर जांच रिपोर्ट आ जाएगी।