आजमगढ़ से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। सरायमीर थाना क्षेत्र के एक गांव में कुछ लोगों ने मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को घर से उठा लिया। युवक का हाथ पैर बांध कर बुरी तरह पीटा। उसे इलेक्ट्रिक शॉक दिया। घटना का वीडियो वायरल हो गया है।
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चार अन्य की धर-पकड़ के लिए कोशिश की जा रही है। पठान टोला निवासी अदनान पुत्र एखलाख की सरायमीर कस्बे में कपड़े की दुकान है। आरोप है कि अदनान और साथियों ने 12 जुलाई की रात शिव कुमार पुत्र गोपालदास सेठ निवासी शेरवां को घर से उठा लिया।
इसके साथ मारपीट की गई और लोहे के पलंग से हाथ-पैर बांध कर करेंट के झटके दिए गए। इसकी वीडियो भी बनाई गई। इसके बाद उसे बदहवासी की हालत में फेंक दिया। शिव कुमार का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। आरोपी यहीं नही माने।
शनिवार को करेंट लगाने की वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित को इसकी जानकारी हुई तो वीडियो के साथ एसपी के पास पहुंच शिकायत की। इसके बाद शनिवार रात अदनान समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस ने अदनान पुत्र एखलाक, तारिक पुत्र मुमताज, अतीक पुत्र अयूब सभी निवासी पठान टोला और राशिद पुत्र जुबैर निवासी जहांगीर गंज को गिरफ्तार कर लिया है।
फरार फैज पुत्र अयूब, नदीम, अयूब पुत्र शाह मोहम्मद, यूसुफ पुत्र शाह मोहम्मद, शफीक पुत्र अयूब फरार बताए जाते हैं।अन्य आरोपियों की धर-पकड़ के लिए कोशिश की जा रही है।