डीरेका परिसर में अधिवक्ता ज्ञान शर्मा ने कार से साइकिल सवार मजदूर सुनील राजभर (24) को कुचल दिया। सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रविवार की सुबह करीब 10 बजे डीरेका में प्रशासनिक भवन के सामने हुआ। मंडुवाडीह पुलिस ने कार कब्जे में लेकर अधिवक्ता को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ज्ञान अपने भाई की कार चलाना सीख रहे थे और उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के जागृति नगर निवासी ज्ञान शर्मा डीरेका में प्रशासनिक भवन के सामने कार चला रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे मिर्जामुराद के मेहदीगंज निवासी सुनील की साइकिल पर जोरदार टक्कर मारने के बाद उसे कुचलते हुए कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। आसपास मौजूद लोग दौड़ कर घटनास्थल पर पहुंचे और ज्ञान को घेर लिया।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मंडुवाडीह पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी पाकर बीएचयू मोर्चरी पहुंचे सुनील के परिवारीजनों ने बताया कि वह घर से काम की तलाश में मंडुवाडीह लेबर मंडी जा रहा था।
गौरतलब है कि शहर के तमाम लोग दोपहिया और चार पहिया वाहन चलाना सीखने के लिए बीएचयू, डीरेका और छावनी परिसर को सुरक्षित जगह मानते हैं। तीनों परिसरों में पर्याप्त खाली स्थान और अच्छी सड़क होने के कारण रोजाना सुबह-शाम यहां ऐसे लोगों को देखा जा सकता है। नियमानुसार तीनों परिसरों में ऐसा करने पर प्रतिबंध है। मगर, आवासीय परिसर और आमजन के आवागमन का रास्ता होने के कारण इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता है। डीरेका में रविवार को हुआ हादसा इसी बेपरवाही के चलते हुआ।