वाराणसी के रोहनिया अंतगर्त नरउर गोविंदपुर में शुक्रवार की दोपहर इनोवा और रोडवेज बस के बीच हुई तेज टक्कर में इनोवा के परखचे उड़ गए। आमने-सामने हुई टक्कर में इनोवा का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
इनोवा में बैठीं इलाहाबाद निवासी ज्योति श्रीवास्तव लवली (35) की मौके पर ही मौत हो गई। उनका चालक और दो बच्चे भी जख्मी हो गए हैं। घटना के समय पास से गुजर रहे रोहनिया विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह एवं क्षेत्रीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
इलाहाबाद के कैंट निवासी चिकित्सक डॉ. विशाल श्रीवास्तव की पत्नी ज्योति अपने बच्चों समृद्धि (10) और शौर्य (3) के साथ के अर्दली बाजार में अपनी बड़ी बहन की बेटी की शादी में शामिल होने जा रही थीं। उन्होंने इनोवा अपने किसी दोस्त की ली थी।
गोविंदपुर में तेज रफ्तार इनोवा अनियंत्रित होकर सामने आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस से टकरा गई। हादसे के बाद बस पेड़ से टकरा गई। कुछ देर के लिए बस यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बस वाराणसी से मिर्जापुर जा रही थी।
बस सवार महराजगंज निवासी शैलेंद्र श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रूबी, विंध्याचल की कामा देवी औराई निवासी नवीन, संजय सिंह, बिरनो गाजीपुर निवासी आंचल, काजल, अभिषेक सहित करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए। बस चालक मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने किसी तरह क्षतिग्रस्त इनोवा से घायलों को बाहर निकाला। ज्योति की मौके पर ही मौत हो गई थी। उनके दोनों बच्चों के अलावा
मऊ, इलाहाबाद निवासी चालक रजनीश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि काफी दिनों से सड़क पर डिवाइडर बनाने की मांग की जा रही है। डीएम से भी मांग की गई लेकिन नतीजा इन हादसों के रूप में देखने को मिल रहा है।