चेतगंज पुलिस ने लहुराबीर चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान ऑटो सवार एक युवक के बैग से तीन किलो दो सौ ग्राम सोने के जेवरात बरामद किया। जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई। युवक की शिनाख्त इटावा निवासी गौरव तिवारी के तौर पर हुई है।
उसने बताया कि वह जेवरात बनारस के सर्राफों के ऑर्डर पर लेकर आया था। हालांकि उसके पास से जेवरात के संबंध में कोई कागजात नहीं था। पुलिस ने जेवरात जब्त कर चेतगंज थाने के मालखाने में रखवा दिया है।
पुलिस की सूचना पर पहुंची आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम चेतगंज थाने में गौरव से पूछताछ में जुटी है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी चेतगंज एडिशनल एसपी अनुराग आर्या ने बताया कि कागजात न होने के कारण जेवरात जब्त किए गए हैं। आयकर विभाग के अधिकारी मामले की तफ्तीश में जुटे हुए हैं।