16 लाख के सऊदी रियाल के चक्कर में मंगलवार को वाराणसी के रामनगर कस्बे में एक युवक अपने दो लाख साठ हजार रुपये गंवा दिया। पुलिस प्रकरण में दो युवकों से पूछताछ कर रही है। वाराणसी के ठठेरी बाजार का रहने वाला प्रकाश गौड़ नाविक और गाइड का काम करने के साथ ही विदेशी मुद्रा बदलने का भी काम करता है। प्रकाश के चाचा का नीचीबाग निवासी एक युवक से परिचय है।
नीचीबाग निवासी युवक ने प्रकाश के चाचा को बताया था कि उसके पास लगभग 16 लाख रुपये का सऊदी रियाल है। इस पर प्रकाश के चाचा ने उसे बताया कि उसका भतीजा विदेशी मुद्रा बदलने का काम करता है। तीनों की बातचीत में मामला दो लाख 80 हजार रुपये में तय हुआ। नीचीबाग निवासी युवक पैसा लेकर मंगलवार को रामनगर कस्बा के मंशा देवी के मंदिर के समीप प्रकाश को बुलाया। नीचीबाग निवासी युवक अपने साथ दो अन्य लोगों को लेकर पहुंचा। वहीं, प्रकाश अपने भाई दीपक के साथ आया था।
विदेशी मुद्रा देखने के बाद प्रकाश ने रुपये नीचीबाग निवासी युवक को दिए तो उसने बदले में एक झोला दिया। नीचीबाग निवासी युवक और उसके साथ आए युवक रुपये हाथ में आते ही मौके से निकल लिए। थोड़ी देर बाद जब प्रकाश ने झोले को देखा तो कागज का एक बंडल मिला। बंडल को खोलने पर एक साबुन और कागज मिले। यह सब देख कर उसके होश उड़ गए।
उसने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। रामनगर थाने में पहले प्रकाश ने जमीन खरीदने के बाबत रुपये के लेन-देन का मामला बताकर पुलिस को गुमराह किया। हालांकि, कड़ाई से पूछने पर उसने सच्चाई बताई।
पुलिस ने नीचीबाग निवासी युवक और प्रकाश के चाचा को फोन कर रामनगर थाने बुलाया। पूछताछ में नीचीबाग निवासी युवक ने बताया कि उसके साथ आए दो बंगाली युवक रुपये लेकर भाग गए। पुलिस प्रकाश के चाचा और नीचीबाग निवासी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ।