शहर में हो रही चोरियों को लेकर एसएसपी आकाश कुलहरि की नाराजगी के बाद सक्रिय हुई कैंट पुलिस ने शनिवार को सिकरौल से सराफा समेत तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पास से करीब दो लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया। पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए चोर क्षेत्र में हुई चार चोरियों में शामिल रहे हैं। बताया जाता है कि चोरी किए गए गहनों को चोर सराफ को कम दामों में बेच देते थे। इस मामले का खुलासा सीओ कैंट राजकुमार यादव ने रविवार की दोपहर कैंट थाने में प्रेस कांफ्रेंस कर किया।
इंस्पेक्टर कैं ट रतन यादव को शनिवार की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन चोर सिकरौल क्षेत्र में मौजूद हैं। उन्होंने अर्दली बाजार चौकी इंचार्ज पर्व कुमार सिंह के साथ घेरेबंदी कर सिकरौल निवासी संतोष बारी, चंदन चौहान और नरेंद्र सेठ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चोरों ने बीते साल 29 सितंबर को पुलिस लाइन के सामने एक घर में, 11 नवंबर को पुराना सर्किट हाउस के सामने चोरी, 29 नवंबर को सरसौली में और 18 दिसंबर को महावीर मंदिर के पास हुई चोरी की घटनाओं में शामिल होना कबूला। संतोष और चंदन चुराए गए माल को सराफा की दूकान चलाने वाले नरेंद्र सेठ को बेच देते थे। पुलिस ने दोनों चोरों और सराफा के पास से चोरी का लैपटॉप, तीन मोबाइल समेत करीब दो लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया।