चार अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 12 साल के मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
चोलापुर थाना क्षेत्र के भोहर गांव में शनिवार की दोपहर ट्रैक्टर से कुचलकर कक्षा सात में पढ़ने वाले शिवम (12) की मौत हो गई। नेवादा गौरा गांव की रीनू का बेटा शिवम शनिवार की सुबह भोहर गांव में एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले अपने नाना छोटेलाल से मिलने गया था। भट्ठे का ट्रैक्टर चलाने वाला मंजय गांव के बच्चों को ट्रैक्टर पर बैठाकर घुमाने लगा। शिवम चालक के बगल वाली सीट पर बैठा था। अचानक वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया और पहिए के नीचे आ गया।
मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके पिता उदय राजभर की पहले ही मौत हो चुकी है। वह तीन भाई और एक बहन में बड़ा था। उसकी मां रीनू ने मंजय के खिलाफ चोलापुर थाने में तहरीर दी है। दूसरी घटना चौबेपुर के मुनारी बाजार की है। रोहनिया के कनक गांव निवासी जगदीश वर्मा का बेटा धनंजय (21) अपने दोस्त पिंडरा निवासी राजा वर्मा (20) के साथ शुक्रवार को चौबेपुर के रौना कला गांव में रहने वाले अपने मामा धुरंधर के घर गया था। शुक्रवार की रात ही दोनों युवक बाइक से किसी काम से मुनारी बाजार गए थे। बाइक सड़क किनारे खड़े मिक्सर से टकरा गई। धनंजय की मौके पर ही मौत हो गई और राजा घायल हो गया।
तीसरी घटना लंका के सुंदरपुर की है। भेलूपुर के गौरीगंज निवासी राकेश नारायण मिश्रा का बेटा एमबीए का छात्र हनुमंत मिश्रा (21) शुक्रवार की रात बृजइंक्लेव निवासी अपने दोस्त कार्तिकेय के घर गया था। देर रात दोनों बाइक से चाय पीने लंका जा रहे थे। सुंदरपुर में बाइक आगे जा रहे ट्रैक्टर में टकरा गई। हनुमंत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। चौथी घटना रोहनिया के शहाबाबाद की है। शनिवार की सुबह रोडवेज बस से टकराने के बाद ऑटो पलट गया। ऑटो सवार राकेश पटेल (35), मालती (32), जीरावती (60), जोगेश्वर (55), देवी (30), शिवम (6), रूबी (8), अजय (7) घायल हो गए। सभी मंडुवाडीह के नाथूपुर के रहने वाले हैं।