वाराणसी के पिंडरा बाजार के दक्षिणी छोर पर रविवार की भोर में चार बजे डंपर और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई। हादसे में डंपर चालक का शव अंदर ही फंस गया, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। दोनों खलासी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
तेज टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर आड़े तिरछे हो गए, जिससे करीब चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन से वाहनों को हटवाया। तब जाकर आवागमन बहाल हुआ।
सोनभद्र से बालू लेकर जौनपुर जा रहा डंपर और फैजाबाद से बालू लेने बिहार जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। डंपर चालक सोनभद्र के चोपन क्षेत्र के करगरा निवासी रामसूरत (30) की मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव बुरी तरह फंस गया था। शव को जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
डपंर के खलासी सोनभद्र के करगरा निवासी बुलंदर (22) को और ट्रक चालक फैजाबाद निवासी बिंदु (35) और खलासी सुमित सिंह (25) को घायलावस्था में पिंडरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बीएचयू रेफर कर दिया गया।
यहां उपचार के दौरान ट्रक चालक बिंदु की मौत हो गई। बाद में दोनों खलासियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।