तहसील परिसर के इसी कमरा नंबर ए-1 में लेखपाल ने लगाई फांसी
- फोटो : अमर उजाला
ब्वॉयफ्रेंड से फोन पर बात करते-करते प्रशिक्षु महिला लेखपाल ने तहसील परिसर के अपने कमरे में फांसी लगा ली। दूसरी तरफ से फोन पर बात कर रहे दोस्त को जब इधर से जवाब नहीं मिला तो फोन काटकर उसने लेखपाल की सहेली को फोन करके इसकी जानकारी दी।
इस पर सहेली ने उसके कमरे में झांककर देखा तो लेखपाल की लाश पंखे से लटक रही थी। तहसील परिसर में इस प्रकार की घटना होने से हड़कंप मचा गया। सूचना मिलने पर एसडीएम, तहसीलदार, सीओ सदर आदि मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गए।
पुलिस के मुताबिक पुरुष दोस्त की प्रताड़ना से तंग आकर लेखपाल ने फांसी लगाई है। बिहार के नालंदा जिले के यतहपुर गांव की रहने वाली दीपा कुमारी की शादी झारखंड के बोकारो के आनंद कुमार से हुई थी।
आनंद कुमार अहमदाबाद में नौकरी करता है और चार दिन पहले ही दीपा से मिलकर गया था। वह एक बेटे और बेटी की मां थी। दीपा निजामाबाद तहसील में प्रशिक्षु लेखपाल थी। मामले में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि परिवार वालों को सूचना दे दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
सदर क्षेत्राधिकारी मो. अकमल ने बताया कि फांसी लगाने से पहले दीपा मायके के गांव के अपने दोस्त रवि से बात कर रही थी। उसकी बेटी हॉस्टल में रहकर पढ़ती है जबकि बेटा ननिहाल में रहता है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को काफी देर तक बरगलाता रहा ब्वॉयफ्रेंड
निजामाबाद तहसील परिसर में लोगों की जुटी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
दीपा तहसील परिसर में स्थित सरकारी कमरा नंबर ए-1 में रहती थी। बताया जाता है कि दीपा कुमारी सोमवार की शाम नालंदा में अपने दोस्त रवि कुमार से फोन पर बात कर रही थी। बात करते-करते उसने दुपट्टे का फंदा बनाया और पंखे के सहारे लटककर जान दे दी।
मौत के बाद भी दीपा का फोन चालू था। रवि को जब फोन पर देर तक कोई जवाब नहीं मिला तो उसने फोन काटकर दीपा की सहेली एक अन्य प्रशिक्षु लेखपाल सुशांत गौतम को सूचना दी। सुशांत ने जाकर दीपा के कमरे से झांककर देखा तो भीतर उसकी लाश लटक रही थी।
उसने तत्काल घटना की सूचना एसडीएम निजामाबाद को दी। कुछ ही देर में वहां एसडीएम, तहसीलदार, सीओ सदर, एसओ निजामाबाद पहुंच गए और मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। पुलिस दीपा के मौत का कारण जानने में जुटी हुई है।
पुलिस ने दीपा के फोन पर आए नंबर पर बात की तो उधर से नालंदा के एक युवक ने फोन उठाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह काफी देर तक पुलिस को बरगलाता रहा। फिर पुलिस ने कड़ाई की तो उसने अपना नाम और पता बताया। उधर दीपा की मौत के बाद तहसील में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।