रिफाइंड तेल की जगह गलती से पहुंची बोतल
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चकमहिता में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते होते बच गया। स्कूली बच्चों के लिए बन रहे मध्याह्न भोजन में टायलेट क्लीनर से रसोइए सब्जी छौंकने जा रहे थे, तब तक प्रधानाध्यापक की नजर पड़ गई और उन्होंने टायलेट क्लीनर को अपने कब्जे में ले लिया।
इस वाकये की जानकारी होने के बाद शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया। दरअसल ग्राम प्रधान ने जो खाद्य सामग्री विद्यालय को मुहैया कराई थी उसमें रिफाइंड आयल की जगह टायलेट क्लीनर पहुंच गया था, जिसे अनपढ़ रसोइए समझ नहीं पाए और उसी से सब्जी छौंकने की तैयारी करने लगे।
जिलाधिकारी ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले की जांच कराकर वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।
प्राथमिक विद्यालय चकमहिता में बुधवार को कुल 70 बच्चे मौजूद थे। विद्यालय में बनने वाले मध्याह्न भोजन के लिए सब्जी बननी थी।
इसके लिए ग्राम प्रधान ने सफाई कर्मचारी से खाद्य सामग्री विद्यालय में भेजी थी। सफाई कर्मचारी ने सारी सामग्री सीधे रसोइयां को सौंप दिया। अनपढ़ रसोइयों ने सारा सामान लेकर रख लिया और सब्जी छौंकने की तैयारी करने लगे।
इसी बीच प्रधानाध्यापक अरविंद यादव रसोई में पहुंचे और उनकी नजर किचन में रखे टायलेट क्लीनर पर पड़ी, तो उन्होंने रसोइयों से पूछताछ की। रसोइयों को नहीं पता था कि देखने में बिल्कुल रिफाइंड तेल जैसी लग रही शीशी में टायलेट क्लीनर है।
इस चूक को समझते ही प्रधानाध्यापक का माथा ठनक गया।
प्रधानाध्यापक और प्रधान हुए तलब
रिफाइंड तेल की जगह गलती से पहुंची बोतल
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने सफाई कर्मचारी को बुलाकर उसे डांट पिलाई और टायलेट क्लीनर को वहां से हटवाया। साथ ही जागरूकता के लिए उन्होंने रसोई में रखे टायलेट क्लीनर की तस्वीर शिक्षक और कर्मचारी संघ के व्हाट्सएप ग्रुप पर अपलोड कर दिया। इस खामी को व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा करते ही पूरे ब्लाक में हड़कंप मच गया।
इसी ग्रुप से खंड शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सिंह भी जुड़े हैं। घटना की जानकारी होते ही उन्होंने प्रधानाध्यापक और प्रधान से बात की और ऐसी लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि कोई भी खाद्य सामग्री अब सीधे रसोई में नहीं जाएगी।
प्रधानाध्यापक अपने कार्यालय में उसकी जांच करने के बाद ही उसे रसोई में भेजेंगे। उधर प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमाकांत राम ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।