जौनपुर-वाराणसी रेल मार्ग पर देवराई गांव के समीप अप लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से बुधवार को एक महिला और एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं, उसके साथ की तीन वर्षीय एक बच्ची घायल हो गई। महिला और बच्चियों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घायल बच्ची का उपचार कराने के बाद पुलिस ने उसे चाइल्ड लाइन भेज दिया।
बताया जाता है कि पिंडरा बाजार से ऑटो से देवराई स्थित रेलवे फाटक पर बुधवार की दोपहर एक महिला पहुंची। बच्चों के लिए बिस्किट खरीदने के बाद वह रतनपुर जाने के लिए रास्ता पूछी। ग्रामीणों द्वारा शॉर्ट कट रास्ता रेल लाइन का बताया गया। जिसके बाद उक्त महिला एक बच्ची को गोद में और दूसरी को पैदल लेकर उसी रास्ते पर चल दी। वह अभी रेलवे क्रासिंग से सौ मीटर दूर पहुंची थी कि पीछे से आ रही फैजाबाद पैसेंजर ट्रेन के चपेट में आ गयी। ट्रेन के धक्के से महिला व उसकी दोनों बेटियां दूर छिटक कर जमीन पर गिर पड़ी। मृत महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष और बच्ची की उम्र डेढ़ वर्ष बताई गई है। वहीं, तीन वर्षीय बच्ची पुलिस को कुछ बता नहीं पाई।
थाना प्रभारी फूलपुर ने बताया कि गोरे व नाटे कद की महिला सामान्य परिवार की लग रही थी और छींटदार पीले रंग की साड़ी पहनी हुई थी। वहीं, बच्ची गुलाबी रंग का स्वेटरनुमा जैकेट पहनी थी। मृतका की फोटो क्षेत्र के गांवों में भेजकर उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।