वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी की फोटो और विडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस की सूचना पर एसएसपी बाबतपुर चौकी पहुंचे और किशोरी से वारदात की जानकारी ली। किशोरी की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
किशोरी के अनुसार रविवार की दोपहर वह गांव निवासी दोस्त के साथ बड़ागांव थाना के रामनगर टिकरी गई थी। दोनों बातचीत कर रहे थे, इसी दौरान दो युवक आए। दोनों युवकों ने किशोरी और उसके दोस्त की तस्वीरें खींचीं और वीडियो बनाया। इसके बाद दोनों ने किशोरी के दोस्त को मारापीटा और उसका मोबाइल नंबर जबरन ले लिया।
ये भी पढ़ें : दो आरोपियों के भागने और व्यापारी की पिटाई पर गिरी गाज, थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मी सस्पेंड
सोमवार की सुबह दोनों युवकों ने किशोरी को फोन कर बसनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुलाया। दोनों ने कहा कि वे किशोरी का फोटो और वीडियो डिलीट करने के साथ ही उसे एक नया मोबाइल भी उपहार में देंगे। किशोरी बसनी गई तो दोनों ने उसे जबरन कार में खींच लिया।