बीएचयू में एक बार फिर छेड़खानी की वारदात हुई। छात्राओं की शिकायत पर क्यूआरटी टीम और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य महिला महाविद्यालय के सामने पहुंचे। मौके से एक युवक को पकड़कर लंका पुलिस को सौंपा गया है।
पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। खास बात यह है कि वारदात के दौरान वह छात्रा भी मौजूद थी जिसके साथ बीते 21 सितंबर को छेड़खानी हुई थी। इसके बाद बीएचयू का माहौल अराजक हो उठा था।
कैंपस में बीते 35 दिन में छेड़खानी की यह चौथी वारदात है जिसमें दो मामलों के आरोपी मौके से पकड़े गए जबकि दो की जांच चल रही है। महिला महाविद्यालय से निकलकर छात्राएं सिंहद्वार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवक उन पर फब्तियां कसने लगे।
छात्राओं ने विरोध किया लेकिन मनबढ़ युवकों पर इसका असर नहीं पड़ा। वे उनके चौतरफा बाइक घुमाकर सीटी बजाते रहे। इसी बीच एक छात्रा ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड को फोन कर घटना की जानकारी दी।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. रोयाना सिंह ने बताया कि क्यूआरटी से सूचना मिलने के बाद मौके पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य पहुंचे। एक आरोपी को पकड़ कर उससे पूछताछ की गई और फिर लंका पुलिस को सौंप दिया गया।
लंका थानाध्यक्ष ने बताया कि रामनगर निवासी एक युवक हिरासत में है। उसके पिता उसके स्वास्थ्य संबंधी कागजात लेकर आए हैं और उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बता रहे हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।