मधुपुर कस्बे के समीप नौगढ़ रोड पर शुक्रवार को चलती बाइक से एक युवती कूद गई। आसपास के लोग पहुंचे तो बाइक सवार दो युवक, युवती को छोड़ कर फरार हो गए। पूछताछ में पता चला कि परिवार वालों की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी। पुलिस ने युवकी को परिवार वालों को सौंप दिया।
घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। मधुपुर से नौगढ़ जंगल की ओर बाइक से एक युवती चिल्लाते हुए कूद पड़ी। युवती का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो बाइक सवार दोनों युवक वहां से फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस युवती को चौकी ले आई। यहां वह पुलिस को गुमराह करती रही। फिर उसे राबर्ट्सगंज कोतवाली लाया गया। यहां पूछताछ हुई तो उसने बताया कि वह सुकृत गांव की रहने वाली है। उसके पिता ने उसे डांट दिया था। इससे नाराज होकर उसने अपने परिचित युवक को बुलाया था।
बाइक से वह कसबे की ओर आ रही थी। इसी बीच मधुपुर से पहले जंगल की ओर दोनों युवकों ने बाइक को मोड़ दिया। उसने जंगल की ओर जाने पर विरोध कर बाइक को रोकना चाहा मगर युवक माने नहीं। इस पर उसने बाइक से छलांग लगा दी। युवती के पैर में मोच भी आई है। पुलिस परिवार वालों को बुलाकर युवती को सौंप दिया है।