सोनभद्र जिले के सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात ओझाई करने के बहाने एक ओझा ने युवती से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने घरवालों को आपबीती बताई तो आरोपी ओझा फरार हो गया। पीड़ित महिला चंदौली जिले की रहने वाली है।
घटनास्थल पर पहुंची फोर्स ने आरोपी ओझा के एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक काफी दिनों से चंदौली के चकिया थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की तबीयत खराब चल रही है।
युवती के रिश्तेदारी के एक व्यक्ति ने उससे बोला कि सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र में उसका परिचित एक व्यक्ति ओझाई करता है। अगर वह तुम्हें झाडफूंक देगा तो तबीयत ठीक हो जाएगी। बुधवार की शाम घरवालों के साथ युवती ओझा के यहां पहुंची।
ओझा ने रात में भूत उतारने की बात कहते हुए युवती और उसके घरवालों को रोक लिया। पीड़ित युवती का आरोप है कि रात करीब 11 बजे ओझा अपने घर से करीब दो सौ मीटर दूर उसे अघ्र्य दिलाने के बहाने खेत में उसे ले गया।
वहां ओझा ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना की सूचना किसी को देने पर भूत न जाने की बात कहीं। लेकिन वापस आने के बाद युवती अपने घरवालों को ओझा की करतूतों को बताया तो हंगामा शुरू हो गया। इसी बीच किसी ने घटना की सचूना पुलिस को दे दी।
मौके पर फोर्स पहुंची तो ओझा फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने ओझाई कराने के लिए ले जाने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ओझा की तलाश की जा रही है।