सप्तसागर दवा मंडी में घटी देर रात घटना
- फोटो : demo
वाराणसी के कोतवाली थाना अंतर्गत सप्तसागर दवा मंडी स्थित एक दवा कारोबारी के यहां सोमवार की देर रात पहुंचे तीन लोग पिस्तौल दिखाकर डेढ़ लाख रुपये की रंगदारी की मांग करने लगे। इस पर दवा कारोबारी तीनों से उलझ गया तो सभी खुद को छुड़ाकर भाग निकले।
इस दौरान उनकी पिस्तौल जमीन पर गिर गई। इसी बीच किसी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी कि दवा मंडी के कारोबारी से बदमाश रंगदारी मांगने आए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाया कि पिस्तौल नकली थी।
कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि पिस्तौल नकली थी। मामला लेनदेन के विवाद से जुड़ा है। दवा व्यापारी की तहरीर पर नदेसर के व्यापारी जुगनू और दो अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शराब की दुकानों पर छापा
क्षेत्राधिकारी पिंडरा के शराब और बियर की दुकानों पर सोमवार की देर रात की गई छापेमारी से शराब पीने वालों में हड़कंप मच गया। एक दर्जन सेल्समैन को पुलिस ने पकड़ कर जरूरी कार्रवाई की है।
क्षेत्राधिकारी पिंडरा अभिनव यादव सोमवार को पहले चौबेपुर के मुनारी बाजार स्थित देसी दुकान पर पहुंचे। वहां भीड़ देख सेल्समैन को बैठा लिए। वहां से अंग्रेजी शराब की दूकान पर पहुंचे। वहा कोई नहीं मिला तो लौट आए।
दोबारा बियर दुकान के बाहर मजमा लगा हुआ था। इसके बाद चौबेपुर के कई देसी-विदेशी शराब की दुकानों को चेक किया। सभी को चौबेपुर थाने को सुपुर्द कर दिया।