कपसेठी रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट के समीप बाबतपुर-कपसेठी मार्ग पर सोमवार की सुबह बाइक असंतुलित होने से सड़क पर गिरी पायल गोंड (15) को पीछे से आ रहे टैंकर ने कुचल दिया। पायल की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पाकर पहुंची कपसेठी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे के दौरान एक बाइक पर तीन लोग सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कूड़ी गांव निवासी राजगीर पंधारी गोंड की सबसे छोटी बेटी पायल अपने जीजा शिवकुमार गोंड और बहन रागिनी के साथ बाइक से उनके गांव मिर्जामुराद के मनकइयां जा रही थी। पायल कक्षा आठ की छात्रा थी। कपसेठी रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट के समीप अचानक बाइक असंतुलित हुई तो पीछे बैठी पायल सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान पीछे से आ रहे टैंकर ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद टैंकर लेकर चालक भाग निकला। उधर, हादसे की सूचना पाकर कपसेठी थाने पहुंचे पायल के पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था।
कस्बे के स्टेशन रोड पर सोमवार की सुबह सड़क पार करते समय रेखा सेठ मुनारी की तरफ से चौबेपुर आ रही जायलो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा। पुलिस ने जायलो जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।