यूपी के बलिया जिले में बैखौफ बदमाश आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार को जहां भाजपा नेता पर जानलेवा हमला किया गया वहीं रविवार को सपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई।
सहतवार क्षेत्र के महाराजपुर चट्टी से 200 मीटर पूरब स्थित टीएस बंधे के बीच मुख्य सड़क के किनारे रविवार की सुबह हत्या कर फेंकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। कंधे और सीने पर गोली के निशान मिले हैं। सूचना पर सहतवार पुलिस मौके पर पहुंच गई कुछ देर बाद ही एसपी श्रीपर्णा गांगुली, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर संग आलाधिकारी पहुंच गए।
छानबीन में मरने वाले की पहचान सपा कार्यकर्ता मनोज सिंह (45) के रूप में हुई है। मनोज के के भाई ने पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी ने घटना की जांच के लिए पुलिस टीम गठित कर दी है। मामले में ठेकेदारी के विवाद के साथ ही कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
रविवार की सुबह थाना क्षेत्र के टीएस बंधे से गुजर रहे लोगों को सड़क किनारे लाश दिखी। इसकी सूचना सहतवार पुलिस को लोगों ने दी। थानाध्यक्ष शमीम अली सिद्दीकी ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। युवक को कंधे और सीने पर गोली मारने के निशान मिले हैं।
कपड़ों से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान मनोज सिंह (45) पुत्र परशुराम सिंह निवासी पुरास थाना बांसडीरोड के रूप में हुई। इस बीच एसपी श्रीपर्णा गांगुली, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर संग, सीओ मौके पर पहुंचे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। हत के भाई अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मनोज घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। उन्होंने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई।
इस दौरान मौके पर पूर्व मंत्री नारद राय, बांसडीह सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह, सपा जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव, लल्लन यादव भी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर पहुंचे पूर्व मंत्री नारद राय ने आलाधिकारियों से घटना के बारे में जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि मामले का पर्दाफाश के लिए टीम गठित कर दी है। ठेकेदारी के साथ ही अन्य बिंदुओं को लेकर छानबीन की जा रही है।