यूपी के भदोही जिले में नौकरी का झांसा देकर एक किशोरी के साथ तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। जब वह गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसका गर्भपात कराने के बाद डांटकर भगा दिया।
किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को वाराणसी के मिर्जामुराद थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी आरोपी के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के समक्ष किशोरी का बयान दर्ज कराया।
घटना भदोही के ऊंज थानाक्षेत्र के एक गांव की है। थानाक्षेत्र की एक महिला का आरोप है कि वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर उसकी पुत्री के साथ तीन साल तक कई बार दुष्कर्म किया।
इससे वह गर्भवती हो गई तो उसने गर्भपात करवा दिया। विरोध करने पर धमकी देकर भगा दिया। आरोप है कि महिला ने अपनी बड़ी पुत्री की शादी आरोपी के छोटे भाई के साथ की थी। इसी संबंध के चलते आरोपी ने छोटी पुत्री से संबंध बनाकर तीन साल तक शारीरिक शोषण किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 313, 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ऊंज नवीन तिवारी ने बताया कि पीड़िता की माता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता का बयान कराया गया।
ज्ञानपुर क्षेत्राधिकारी रामकरण ने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।