यूपी के बलिया में एक विद्यालय के प्रिंसिपल की घिनौनी करतूत का खुलासा हुआ। कक्षा पांच की तीन छात्राओं ने घर जाकर परिजनों को बताया मामला तो पैरों तले जमीन खिसक गई।
बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के इंदरपुर स्थित एक सरकारी विद्यालय के कक्षा पांच में छात्राएं भी पढ़ती हैं। आरोप है कि प्रधानाध्यापक तीन छात्राओं को पिछले कुछ दिनों से कार्यालय में बुलाकर छेड़खानी करता था। लोकलाज व परिवार वालों की डर से तीनों छात्राएं अपने परिजनों को कुछ भी नहीं बताई।
इसमें से एक छात्रा दो दिन से विद्यालय नहीं जा रही थी। जब छात्रा शनिवार को भी विद्यालय नहीं गई तो परिजनों ने कारण पूछा। इसके बाद छात्रा डर के मारे रोने लगी और रोते हुए आपबीती परिजनों को बताई। परिजन आक्रोशित होकर दर्जनों की संख्या में लोग विद्यालय पर पहुंच गए, जहां प्रधानाध्यापक की पिटाई कर दिया।
इसी बीच किसी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गड़वार थानाध्यक्ष संजय त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए और परिजनों व ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामले को शांत करवाया और प्रधानाध्यापक को अपने साथ लेकर थाने आए। सीओ सिटी एके सिंह ने बताया कि प्रधानाध्यापक को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। अभी पीड़ित द्वारा तहरीर प्राप्त नहीं हुआ है। तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।