अहरौरा में ढाबे के पास से पकड़ी गई कार
- फोटो : अमर उजाला
यूपी पुलिस को 100 नंबर पर सोमवार की सुबह सूचना मिली कि वाराणसी के मंडुवाडीह क्षेत्र से दो छात्राओं का अपहरण कर एक स्विफ्ट डिजायर कार तेजी से सोनभद्र की ओर भाग रही है। सूचना पर पुलिस ने घेरेबंदी कर कार को अहरौरा (मिर्जापुर) में एक ढाबे के पास रोक लिया।
कार सवार युवक और छात्रा को वापस लाया गया। एक छात्रा के परिवारीजनों ने मंडुवाडीह पुलिस को तहरीर देने से इंकार कर दिया।
वहीं, दूसरी के परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने पहडि़या क्षेत्र के गौतम बुद्ध नगर निवासी रुद्रांश शुक्ला के खिलाफ छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
वाराणसी के मड़ौली के एक कॉन्वेंट स्कूल के सामने सोमवार की सुबह दो छात्राएं मैजिक वाहन से उतरीं और बगल में खड़ी कार में जा बैठीं। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई कि दो छात्राओं का अपहरण कर लिया गया है।
पुलिस को कार का नंबर भी बताया गया। कार किराए पर ली गई थी। उधर बीएचयू गेट पर पहुंचने पर कक्षा दस की एक छात्रा तथा उसका साथी किसी काम का बहाना बताते हुए गाड़ी से उतर गए। दूसरा युवक तथा एक छात्रा गाड़ी से अहरौरा के लखनिया दरी पहुंचे, जहां कुछ देर तक घूमते रहे।
वहां से चलते ही पुलिस ने पीछा कर लिया। पुलिस ने अहरौरा में घेरेबंदी कर कार को रोक लिया और छात्रा को बरामद कर लिया। इस संबंध में सीओ भेलूपुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।