जुआरियों को हथकड़ी लगाकर तस्वीरें खिंचवाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की चोरी गईं चांदी की पांच शहनाइयाें को नौ दिन बाद भी बरामद न कर पाने वाली जिले की पुलिस ने सोमवार को जुआ खेलने के आरोपियों को पकड़कर अपनी पीठ थपथपाई। अपनी वाहवाही में सुप्रीम कोर्ट के आदेश और निर्धारित प्रावधानों तक का ख्याल नहीं रखा गया।
जुआ खेलने के आरोपियों को न्यायालय में पेश करने से पहले उन्हें हथकड़ी लगाकर बाकायदा अलग-अलग पोज में कैंट पुलिस ने फोटो खिंचाए। सोशल मीडिया पर जब ये तस्वीरें वायरल हुईं और आरोपियों को हथकड़ी लगाने पर सवाल उठने लगे तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने सीओ कैंट को मामले की जांच सौंपते हुए पूरी रिपोर्ट तलब की है।
कैंट इंस्पेक्टर अबरार अहमद के अनुसार उन्हें रविवार की रात सूचना मिली थी कि कुछ लोग कैंटोनमेंट क्षेत्र स्थित एक बंगले में जुआ खेल रहे हैं। इस पर उन्होंने अपनी टीम के साथ छापेमारी की तो 11 लोग मौके पर मौजूद मिले।
पुलिस के अनुसार ताश की पत्तियों के साथ एक लाख नब्बे हजार छह सौ अस्सी रुपये और मौजूद लोगों की तलाशी में सात हजार छह सौ अस्सी रुपये बरामद हुए। सोमवार को जब इन आरोपियोें को न्यायालय भेजने की बारी आई तो पुलिस ने उन्हें हथकड़ी पहनाकर कैंट थाना परिसर में फोटो खिंचवाया और उसे सोशल मीडिया के अलावा मीडिया को सूचना देने के लिए बनाए गए वाट्सएप ग्रुप पर भी वायरल कर दिया।