सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स की टीम ने वाराणसी के भदऊं चुंगी के पास सोमवार को 530 ग्राम हेरोइन के साथ बाप-बेटे को गिरफ्तार किया। दोनों की पहचान चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर की नई बस्ती के नारायण प्रसाद सोनकर और उसके बेटे नीतिश सोनकर के तौर पर हुई है।
विज्ञापन
पूछताछ में दोनों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मालदा से लाई गई हेरोइन दशाश्वमेध क्षेत्र में देनी थी। दोनों से मिली जानकारी के आधार पर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स की टीम दशाश्वमेध क्षेत्र में छापेमारी कर हेरोइन तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स की गाजीपुर इकाई के इंस्पेक्टर केके श्रीवास्तव को सूचना मिली थी कि दो लोग पीडीडीयू नगर से हेरोइन की खेप लेकर वाराणसी जा रहे हैं। इस पर टीम ने भदऊं चुंगी के पास तलाशी शुरू की।
इसी दौरान मालवीय पुल की ओर से आ रहे नारायण और उसके बेटे नीतिश के पास से हेरोइन बरामद हुई। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों से पूछताछ में दशाश्वमेध क्षेत्र के होरोइन तस्करों के बारे में अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।