झारखंड के सरायकेला-खरसावां में भीड़ हिंसा में युवक की मौत होने के विरोध में ताजनगरी में सोमवार सुबह 11 बजे बगैर अनुमति के जुलूस निकाल रहे युवकों ने दूसरे समुदाय की दुकानें जबरन बंद कराने का प्रयास किया तो बवाल हो गया।
विज्ञापन
जब दुकानदारों ने विरोध किया तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया। 15 दुकानों में लूटपाट का भी आरोप है। पत्थर लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इस दौरान पुलिस पर भी पत्थर फेंके गए। बलवाइयों पर तीन केस दर्ज किए गए हैं।
बवाल के बाद शहर के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में तनाव है। पुलिस ने दंगा नियंत्रण योजना लागू कर शहर को 40 सेक्टरों में बांट दिया है। मुस्लिम संगठनों के नेताओं ने रविवार को प्रशासन को सूचना दी थी कि तवरेज हत्याकांड के विरोध में सोमवार सुबह 9:30 बजे जामा मस्जिद पर ज्ञापन दिया जाएगा।
विज्ञापन
Trending Videos
बाजार में मची भगदड़
- फोटो : अमर उजाला
वहां लगभग दो हजार लोग पहुंच गए। एडीएम सिटी केपी सिंह को ज्ञापन दे दिए जाने के बाद कुछ युवकों ने एलान किया कि वह कलक्ट्रेट पर जाकर अधिकारियों से बात करेंगे। इनके पीछे सैकड़ों युवक चल दिए। यह लोग कलक्ट्रेट न जाकर मंटोला में घुस गए।
मंटोला थाना से 100 मीटर पहले सदर भट्टी चौराहा पर श्यामू हलवाई की दुकान जबरन बंद कराने का विरोध किया। हलवाई ने प्रदर्शनकारियों पर पानी फेंक दिया।
इसी पर उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। थाना से आई फोर्स ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा। मंटोला, मीरा हुसैनी, वजीरपुरा, फुलट्टी, फव्वारा, नाई की मंडी तक दुकानें बंद हो गई। इसके बाद सभी संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस तैनात कर दी गई।
सदर भट्ठी चौराहा के दुकानदार राजकिशोर, शिवम शिवहरे, यश कुमार, श्यामू हलवाई के बेटे कमल ने बताया कि उनकी दुकानों पर पत्थर फेंके गए। बलवाई गल्ले भी लूट ले गए। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
पत्थर लगने से घायल शिवम और कमल हलवाई ने बताया कि बलवाई जब लूटपाट कर रहे थे, तब सिर्फ एक ही दरोगा मौके पर था। वह किसी काम से आया था। वही अकेला बलवाइयों से जूझा। अगर वह न होता तो दुकानों में भारी तोड़फोड़ होती।
एसएसपी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि जुलूस के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। पथराव करने वाले लोग चिह्नित किए जा रहे हैं। पुलिस ने अपनी ओर से केस दर्ज किया है। लोगों ने जो तहरीर दी हैं, उन पर भी मुकदमे लिखे जाएंगे।