मूर्ति तोड़ने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं थी। इसी दौरान यूपी के सोनभद्र में शनिवार को सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक संदेश पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है।
वहीं पोस्ट पर प्रतिक्रिया करने में विवाद भी हो गया। मामले में रेवती पुलिस ने एसपी के निर्देश पर चार लोगों के विरुद्घ एससी-एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर में रामपुर गांव के दलित शिवप्रकाश पासवान ने आरोप लगाया था कि शनिवार की शाम रामपुर गांव के एक व्यक्ति ने फेसबुक पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट की। इस पोस्ट पर आपत्ति जताई तो एक अन्य व्यक्ति ने प्रतिक्रिया दी। उसका लोकेशन पूछा। इसके बाद बाइक से तीन लोग आए और उसके साथ मारपीट की।
एसपी श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि आंबेडकर की आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने व मारपीट मामले में युवक की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर खास नजर रखी जा रही।