मामी की चाहत में भांजे ने अपने सगे मामा को छह जून की रात लोहंदी कला स्थित एक तालाब के पास गमछा से गला कस कर मौत के घाट उतारा था। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी वहां से फरार हो गया। सात जून की सुबह शव मिलने की सूचना मिलने पर वह अपने परिवार के साथ शोक व्यक्त करने चला आया ताकि कोई भी उसपर शक नहीं करे।
जब पुलिस ने मृतक की पत्नी के मोबाइल के काल डिटेल खंगालना शुरू किया तो सबसे अधिक बातें रवि के साथ होना पाया गया। यही नहीं घटना वाली रात को भी रवि का लोकेशन घटना स्थल के आसपास ही था। इस आशंका पर पुलिस ने आरोपी रवि सोनी को गिरफ़्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई तो पूरा मामला खुल गया।
ये बातें पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताई। उन्होंने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के निवासी पवन सोनी की पत्नी का उसके ही भांजे रवि सोनी का करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों चोरी छिपे अक्सर मिला करते थे। जिसके बारे में पवन को पता चलने पर उसने कड़ी नाराजगी जताई।
मना करने के बाद भी रवि ने उसकी पत्नी से मिलना जुलना नहीं छोड़ा तो पवन ने पंचायत बुलाया। जिसमें तय हुआ कि अब रवि कभी उसकी पत्नी से बात नहीं करेगा ना ही मिलेगा। कुछ दिनों तक मामला शांत रहा। इसके बाद दोनों फिर आपस में बात करना शुरू कर दिया।
इस बार उसकी पत्नी अपने मोबाइल से नहीं बल्कि अपनी बहन के मोबाइल से उससे अक्सर बात करती थी। प्यार परवान चढ़ने पर रवि ने अपनी मामी से शादी करने की इच्छा जताई। छह जून को मामा के गांव में शादी पड़ने पर रवि वहां गया और अपने मामा को शराब पिलाने के बाहने लोहंदी कला के भोला तालाब के पास ले गया।
वहां अपने मामा पवन से कहा कि वह मामी को तलाक दे दे। वह अच्छी नहीं है। यह सुनते ही उसका मामा पवन भड़क गया और कहा कि सुधर जाओ नहीं तो वह इसके बारे में पुलिस को बता देगा। मामा द्वारा पुलिस की बात करते ही भांजा नाराज हो गया और गमछा से उसकी गला कस कर हत्या कर दी।